लद्दाख में हुए सीमा विवाद के चलते भारत सरकार ने
चीन को बड़ा झटका देते हुए टिक-टॉक समेत 59 चीनी एप को भारत में बैन कर दिए हैं। वही येलो और कैम स्कैनर पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। बताते चलें कि भारत और चीन के बीच हुए सीमा विवाद के बाद से ही टिक-टॉक एप को बैन करने की मांग तेजी से बढ़ती जा रही थी।
आपको बता दें कि इसके अलावा यूसी ब्राउजर, शेयर इट जैसे और भी बहुत से एप को प्रतिबंधित कर दिया गया है। वही इससे पूर्व भारतीय सुरक्षा एजेंसियों से चीनी एप की एक सूची तैयार कर केंद्र सरकार से उनपर रोक लगाने की अपील की थी। इसके पीछे यह दलील दी गई थी कि चीन भारतीय डेटा हैक कर सकता है। जिसके चलते सरकार की ओर से आदेश जारी करते हुए उन 59 मोबाइल एप को प्रतिबंधित किया है, जो भारत की संप्रभुता और अखंडता, भारत की रक्षा, राज्य की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरनाक थे।

साथ ही आपको बताते चलें कि सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को विभिन्न स्रोतों से इन एप्स को लेकर कई शिकायतें मिली हैं, जिनमें कई मोबाइल एप के दुरुपयोग की बाते हैं। ये एप आईफोन और एंड्रॉयड दोनों यूजर्स का डाटा चोरी कर रहे हैं। इन सभी एप्स का सर्वर भारत के बाहर है।