जम्मू कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू (Girish Chandra Murmu) ने शनिवार को भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) के पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति में कहा गया है कि गिरीश चंद्र मुर्मू को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे।

बता दें कि गिरीश चंद्र मुर्मू 1985 बैच के गुजरात कैडर के आईएएस रहे हैं और राजीव महर्षि का स्थान लेंगे। गुजरात में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव रहते हुए राज्य सरकार की सभी प्रमुख परियोजनाओं की निगरानी का जिम्मा उन्हें ही सौंपा गया था।
राजस्थान कैडर के 1978 बैच के IAS अधिकारी महर्षि ने सितंबर 2017 में यह पद ग्रहण किया था। मुर्मू ने 5 अगस्त को जम्मू और कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल के पद से इस्तीफा दिया था। 5 अगस्त को ही जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाने की वर्षगांठ थी।
मनोज सिन्हा को बनाया गया जम्मू कश्मीर का नया अपराज्यपाल
अब मुर्मू की जगह पूर्व रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा (61) को जम्मू-कश्मीर का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया जाएगा।। राष्ट्रपति भवन की तरफ से इसकी जानकारी दी गई है। सिन्हा मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रेल राज्य मंत्री और संचार राज्य मंत्री रह चुके हैं। हालांकि, पिछले साल गाजीपुर सीट से लोकसभा चुनाव हार गए थे। यूपी में 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद उनका नाम मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में भी चर्चा में आया था।